नई दिल्लीः राजधानी में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव के लिए पांच सीटों पर 28 फरवरी को मतदान हुआ. इस दौरान कुल 50.86 फ़ीसदी वोटिंग हुई है. इसमें कुल 1,23,299 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया. उम्मीदवारों का इंतजार अब खत्म होने को है. इसके लिए आज वोटों की गिनती होगी. स्टेट इलेक्शन कमीशन ने मतगणना के लिए पांच केंद्र बनाए हैं. दोपहर बाद तक स्थिति साफ हो जाएगी कि जनता का झुकाव किस पार्टी की तरफ है.
पांच सीटों पर हुए इन उपचुनावों को 2022 में होने वाले एमसीडी के मुख्य चुनाव के सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है. पूर्वी दिल्ली नगर निगम के त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी और चौहान बांगड़ वार्ड की सीटों पर वोट डाले गए. वहीं, उत्तरी दिल्ली नगर निगम की रोहिणी सी और शालीमार बाग नॉर्थ वार्ड में लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया. वहीं, आज प्रत्याशियों के इंतजार की घड़ियां खत्म हो रही हैं. सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी. साढ़े 10 बजे तक रुझान आने शुरू हो जाएंगे. दोपहर बाद परिणाम स्थिति साफ हो जाएगी.
63 उम्मीदवार आजमा रहे भाग्य
दिल्ली नगर निगम की नॉर्थ व ईस्ट एमसीडी में उपचुनाव के लिए आज मतगणना होगी. ईडीएमसी में जहां तीन सीटों पर उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला होगा. वहीं, एनडीएमसी में दो सीटों के लिए वोटों की गिनती होगी. मैदान में कुल 63 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं. हालांकि, मुख्य मुकाबला बीजेपी, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के बीच है. प्रत्येक सीट पर उम्मीदवारों की बात करें, तो शालीमार बाग में 18, कल्याणपुरी में 16, त्रिलोकपुरी में 15, चौहान बांगर में 10 और रोहिणी में 4 लोग चुनावी मैदान में हैं.
ये सीटें हैं आरक्षित
इन 5 सीटों में से शालीमार बाग नॉर्थ की सीट महिला के लिए आरक्षित है. वहीं, त्रिलोकपुरी और कल्याणपुरी की सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं. इनमें से शालीमार बाग को छोड़कर बाकी की सभी सीटों पर दिल्ली की सत्ता पर आसीन आम आदमी पार्टी का कब्जा है. एमसीडी में 15 सालों से काबिज बीजेपी जीत को लेकर आश्वस्त दिखाई दे रही है. वहीं, आम आदमी पार्टी दिल्ली में किए गए विकास कार्यों के नाम पर पांचों सीट पर विजयी होने की बात कर रही है. कांग्रेस का मानना है कि दोनों पार्टियों को नकार कर इस बार दिल्ली की जनता कांग्रेस को चुनेगी.
इन जगहों पर होगी वोटिंग
- वार्ड-002 ई, त्रिलोकपुरी पूर्व- सर्वोदय कन्या / बाल विधालय (वीर उदम सिंह), नंबर 1, मंडावली
- वार्ड-008 ई, कल्याणपुरी- सर्वोदय बाल विधालय (वीर उदम सिंह), नंबर 1, मंडावली
- वार्ड -041 ई, चौहान बांगर वार्ड- GBSSS, शास्त्री पार्क
- 032N, रोहिणी-सी वार्ड- स्कूल ऑफ एक्सीलेंस रोहिणी, सेक्टर -23
- 062 एन, शालीमार बाग- नॉर्थ दिल्ली निगम, प्रतिभा विद्यालय, बीटी-ब्लॉक, शालीमार बाग
कहां से कौन लड़ रहे हैं चुनावः-
रोहिणी सी (नॉर्थ एमसीडी)
पार्टी | उम्मीदवार |
भाजपा | राकेश गोयल |
आप | रामचंद्र |
कांग्रेस | मेमबती बरवाला |
शालीमार बाग नॉर्थ (नॉर्थ एमसीडी)
भाजपा | सुरभि जाजू |
आप | सुनीता मिश्रा |
कांग्रेस | ममता |
त्रिलोकपुरी ईस्ट (ईस्ट एमसीडी)
भाजपा | ओमप्रकाश गुगरवाल |
आप | विजय कुमार |
कांग्रेस | बाल किशन |
चौहान बांगर (ईस्ट एमसीडी)
भाजपा | मो. नजीर अंसारी |
आप | हाजी इशराक |
कांग्रेस | चौधरी जुबेर अहमद |
कल्याणपुरी (ईस्ट एमसीडी)
भाजपा | सियाराम कनौजिया |
आप | धीरेंद्र कुमार उर्फ बंटी गौतम |
कांग्रेस | धर्मपाल मौर्या |