भोपाल। कोरोना की दूसरी लहर काल बनकर आई है. प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमण के केस बढ़ रहे हैं. सरकार के प्रयासों के बाद भी कोई सफलता हासिल नहीं हो पा रही है. हालांकि इस बीच प्रदेश के कुछ जिलों में कोरोना संक्रमण के केस थमते नजर आ रहे हैं. इन जिलों में कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने वाले प्रकरणों की संख्या संक्रमितों की संख्या से अधिक है. यह राज्य के लिए अच्छी खबर है. वहीं राज्य में बढ़ते रिकवरी रेट को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया है. उन्होंने कहा कि लोग स्वस्थ हो रहे हैं.
सीएम शिवराज सिंह ने किया ट्वीट
प्रदेश में बढ़ते रिकवरी रेट को लेकर प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट किया है. उन्होंने कहा कि मेरे प्रिय भाइयों और बहनों, कोरोना के विरुद्ध लड़ाई जारी है. पहले जहां पॉजिटिविटी रेट 24% था, आज यह लगभग 23% है. लोग तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं. पहले जहां 6,836 लोग प्रतिदिन स्वस्थ हो रहे थे. आज यह संख्या बढ़कर 11,324 हो गई है.
इन जिलों से आ रही राज्य के लिए सकारात्मक खबर
जिला | नए केस | नए स्वस्थ प्रकरण |
इंदौर | 1826 | 1956 |
जबलपुर | 820 | 856 |
खारगोन | 235 | 326 |
विदिशा | 247 | 280 |
होशंगाबाद | 176 | 225 |
कटनी | 172 | 352 |
बालाघाट | 86 | 120 |
छिंदवाड़ा | 58 | 72 |
राजगढ़ | 120 | 141 |
दमोह | 145 | 200 |
शाजापुर | 91 | 127 |
गुना | 67 | 127 |
उमरिया | 80 | 211 |
डिंडौरी | 59 | 142 |
बुरहानपुर | 28 | 58 |
कोरोना कहर
मध्यप्रदेश में रविवार को 13601 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं, संक्रमितों की संख्या 4,99,304 हो गई है. रविवार को कोरोना संक्रमित 92 मरीजों की मौत हुई है, मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 5,133 हो गया है. आज 11,324 संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं. अब तक प्रदेश में 4,02,623 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 91548 मरीज एक्टिव हैं.