मोहब्बत की झूठी कहानी पर रोये, बड़ी चोट खाई जवानी पर रोये…35 महिलाओं से करता था डेट


टोक्यो।
 मोहब्बत की झूठी कहानी पर रोये, बड़ी चोट खाई जवानी पर रोये… मुगलेआजम फिल्म की यह पंक्तियां जापान की 35 महिलाओं पर चरितार्थ हो रही हैं जिन्हें एक ही प्रेमी ने धोखा दिया। जापान की पुलिस ने एक ही समय में 35 अलग-अलग महिलाओं को डेट करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति ने सभी महिलाओं से गिफ्ट और वाउचर के चक्कर में अपना अलग-अलग जन्मदिन बताया था। पुलिस ने पकड़े गए इस आरोपी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करते हुए जेल भेज दिया है। ज्ञात हो कि महिलाओं के साथ धोखे बाजी कर डेट करने वाले इस आरोपी शख्स के पास रहने का कोई निश्चित ठिकाना तक नहीं है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कंसाई में रहने वाले एक पार्ट टाइम वर्कर ताकाशी मियागावा के रूप में की है। पुलिस ने लिखा है कि पकड़ा गया आरोपी डेट करने वाली सभी 35 महिलाओं से अपने जन्मदिन की तारीख अलग-अलग बताई थी। वह सभी से जन्मदिन पर उपहार की उम्मीद करता था। पुलिस ने उसपर 35 महिलाओं को धोखा देने और रिलेशनशिप को लेकर गंभीर होने का नाटक करने का आरोप लगाया है।

आरोपी ताकाशी मियागावा का असली जन्मदिन 13 नवंबर को है। मियागावा की 47 साल की एक प्रेमिका ने बताया कि उसका जन्मदिन 22 फरवरी को था, जबकि 40 साल की एक दूसरी महिला को जुलाई में जन्मदिन बताया था। 35 साल की एक महिला को जन्मदिन अप्रैल में बताया था। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पीड़ित महिलाओं की संख्या 35 से भी ज्यादा हो सकती है। इन महिलाओं ने मियागावा पर 70 हजार रुपये तक के मूल्य के उपहार लेने का आरोप लगाया है। इसमें कपड़े, गिफ्ट आइटम और नकद भी शामिल है।

आरोपी इन सभी पीड़ित महिलाओं से हाइड्रोजन वॉटर शॉवर हेड और अन्य उत्पादों की बिक्री करने वाली एक मार्केटिंग कंपनी के लिए काम करते समय मिला था। सेल्समैन के रूप में आरोपी घर-घर प्रोडक्ट बेचने के दौरान उन महिलाओं को निशाना बनाया, जो अकेली रहती थीं। अच्छे रिलेशनशिप में रहने और बाद में शादी करने का झांसा देकर गिफ्ट और पैसे एठता था। महिलाओं ने एक संगठन का गठन किया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद से पुलिस ने मियागावा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

close